चमोली डायट की अनूठी पहल: ‘शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते कदम’ श्रृंखला के तहत पिंडर घाटी के 31 उत्कृष्ट विद्यालय चयनित।

थराली (हरेंद्र बिष्ट)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली द्वारा ‘शिक्षा के क्षेत्र में जिला चमोली के बढ़ते कदम’ शीर्षक से एक विशेष प्रेरक श्रृंखला शुरू की गई है। इसके पहले चरण में पिंडर घाटी के तीन विकासखंडों—देवाल, थराली और नारायणबगड़ के कुल 31 विद्यालयों का चयन उनके उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों के आधार पर किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) आकाश सारस्वत के निर्देश पर संचालित इस पहल के तहत जिले के कुल 100 उत्कृष्ट विद्यालयों को चिन्हित किया जाना है। इसमें उन विद्यालयों को प्राथमिकता दी जा रही है जो सीमित संसाधनों के बावजूद नवाचार, बोर्ड परीक्षा परिणाम, विज्ञान, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं और भौतिक-अकादमिक विकास में मिसाल पेश कर रहे हैं।
विकासखंडवार चयनित विद्यालयों की सूची
- देवाल विकासखंड (10 विद्यालय):
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय: ल्वाणी, सवाड़ तल्ला, उलंग्रा, बेराधार, तलोर, मुंदोली
- राजकीय आदर्श विद्यालय देवाल
- राजकीय जूनियर हाईस्कूल बांक
- राजकीय इंटर कॉलेज (राइका): वांण एवं मुंदोली
- थराली विकासखंड (10 विद्यालय):
- राजकीय प्राथमिक विद्यालय: भैरगढ़, गेरूड़, गुड़म स्टेट
- राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय: डूंगरी एवं थराली
- राजकीय जूनियर हाईस्कूल गूमड़
- राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुनाऊँ
- राजकीय इंटर कॉलेज: अशासकीय/राजकीय इंटर कॉलेज तलवाड़ी एवं आदर्श इंटर कॉलेज थराली
- नारायणबगड़ विकासखंड (11 विद्यालय):
- प्राथमिक विद्यालय: डडुवागाड़, असेड़, मींग, किमोली
- राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय: चोपता एवं नारायणबगड़
- पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय सणकोट
- राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल चोपता एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय देवीधार किमोली
- राजकीय इंटर कॉलेज: नारायणबगड़ एवं रैंस
- चोपता
एक-दूसरे से सीखकर आगे बढ़ेंगे विद्यालय: डॉ. कमलेश मिश्र
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल विद्यालयों की उपलब्धियों को प्रचारित करना नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी शैक्षिक प्रयासों और नवाचारों को जिले भर के अन्य स्कूलों तक पहुंचाना है। इससे विद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और शिक्षकों का मनोबल भी ऊंचा होगा।
उन्होंने बताया कि इस श्रृंखला के अगले चरण में अक्टूबर माह के दौरान दशोली, पोखरी और कर्णप्रयाग विकासखंडों के विद्यालयों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद जनपद के शेष विकासखंडों को भी चरणबद्ध तरीके से इसमें शामिल किया जाएगा।

