तलवाड़ी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कल: मतदान, मतगणना और शपथ ग्रहण एक ही दिन; सचिव और यूआर पद पर सीधा मुकाबला।

थराली से हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में छात्रसंघ चुनाव 2024 के तहत मंगलवार (29 तारीख) को मतदान, मतगणना और शपथ ग्रहण समारोह एक साथ संपन्न कराया जाएगा। चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह है और प्रत्याशियों ने प्रचार के अंतिम समय में पूरी ताकत झोंक दी है।
महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2:00 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। परिणाम जारी होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
चार पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन
महाविद्यालय में इस बार अधिकांश प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सहसचिव एवं कोषाध्यक्ष पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
दो पदों के लिए आमने-सामने की जंग
अब केवल दो मुख्य पदों पर प्रत्याशियों के बीच चुनावी जंग बची है:
- सचिव पद: प्रमिला और तनुजा के बीच सीधा मुकाबला।
- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR): दर्शन कुमार और कृष्णा के बीच कांटे की टक्कर।
चुनाव प्रभारी डॉ. जोशी ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था के सभी पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। वहीं, मैदान में डटे चारों उम्मीदवार और उनके समर्थक छात्र-छात्राएं अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सघन जनसंपर्क में जुटे रहे।

