FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

थराली में गुलदार का खौफ: वन कर्मियों के पहरे में स्कूल आ-जा रहे बच्चे, ग्रामीणों ने की पिंजरा लगाने की मांग।

​थराली (हरेंद्र बिष्ट)।

विकासखंड देवाल और थराली क्षेत्र में गुलदार (तेंदुए) के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में भारी दहशत है। आलम यह है कि जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट (नंदकेशरी) के छात्र-छात्राओं को वन कर्मियों की निगरानी में स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। गुलदार की लगातार चहलकदमी से भयभीत ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की गुहार लगाई है।

​शावकों की मौत के बाद आक्रामक हुआ गुलदार

जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व देवाल ब्लॉक के सरकोट गांव में आबादी के समीप गुलदार के दो शावकों के शव बरामद हुए थे। सूचना पर थराली व देवाल रेंज के वन कर्मियों ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और नियमानुसार अंतिम संस्कार किया। मौत की वजह स्पष्ट न होने के चलते पशुपालन विभाग ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए बरेली भेज दिया है।

​आशंका जताई जा रही है कि आपसी संघर्ष या किसी अन्य जंगली जानवर के हमले में शावकों की जान गई है। हालांकि, शावकों की मौत के बाद से मादा गुलदार बेहद आक्रामक हो चुकी है। वह सुबह, दोपहर और शाम सरकोट व आसपास के क्षेत्रों में लगातार दस्तक दे रही है और अब तक कई कुत्तों व बकरियों को अपना निवाला बना चुकी है। दहशत के कारण लोग घरों से अकेले निकलने से कतरा रहे हैं।

​स्कूल परिसर के पास दिखने से दहशत, भागे छात्र

जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट के प्रधानाध्यापक उमेद सिंह गड़िया ने वन क्षेत्राधिकारी थराली व देवाल को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की है। पत्र में बताया गया कि 26 सितंबर को कोठी, चिडिंगा, नंदकेशरी, पूर्णा और काठिंग गांवों से स्कूल आ रहे छात्र-छात्राओं ने परिसर के समीप गुलदार को घूमते देखा, जिससे घबराकर बच्चे उल्टे पांव घरों की ओर भाग खड़े हुए। इस घटना के बाद से बच्चे स्कूल आने से डर रहे हैं।

​सुरक्षा में जुटी वन विभाग की टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन क्षेत्राधिकारी थराली व देवाल, मनोज देवराड़ी ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर वन कर्मियों को तैनात किया गया है, जो बच्चों को सुरक्षित स्कूल और घर तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। इसके साथ ही वन विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं और गुलदार को घने जंगलों की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Share This News