FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

सीमांत गांव कुटी में भारी बर्फबारी ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, तैयार फसलें हुईं नष्ट।

धारचूला संवाददाता। 

​धारचूला: चीन सीमा से सटे देश के पहले गांव कुटी में कुदरत के कहर ने ग्रामीणों की साल भर की कड़ी मेहनत पर पानी फेर दिया है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में हाल ही में हुई भीषण बर्फबारी के कारण खेतों में चार से पांच फीट तक मोटी बर्फ की चादर जम गई है, जिसके चलते किसानों की तैयार फसलें खेतों के अंदर ही दबकर पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।

​कुटी गांव के सरपंच हरीश कुटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक ऊंचाई और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इस क्षेत्र में साल में केवल एक बार ही खेती संभव हो पाती है। गांव के 100 से अधिक परिवारों ने फाफर, कुट्टू, आलू, गोभी, मटर और बहुमूल्य औषधीय जड़ी-बूटियों की खेती की थी। पूरे साल का गुजर-बसर इन्हीं फसलों पर निर्भर करता है। जिस समय ग्रामीण फसलों की कटाई और उन्हें सुरक्षित समेटने की तैयारी कर रहे थे, ठीक उसी वक्त अचानक मौसम बदला और भारी बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और लहलहाती फसलें बर्फ के नीचे दफन हो गईं।

​सरकार और प्रशासन से मुआवजे की गुहार

सरपंच हरीश कुटियाल ने बताया कि खेतों में कई फीट बर्फ जमा होने के कारण फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन कर पाना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन पूरे वर्ष का उत्पादन पूरी तरह शून्य हो चुका है। इससे ग्रामीणों के सामने सालभर की आजीविका और आर्थिक तंगी का गंभीर संकट पैदा हो गया है।

​ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि कुटी गांव में तुरंत नुकसान का जायजा लेने के लिए एक टीम भेजी जाए और प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द विशेष आर्थिक सहायता व उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। सरपंच ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है।

Share This News