बेरीनाग में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन: 369 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 9 शिकायतों का मौके पर निस्तारण।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। ‘संकल्प सेवा अभियान’ के तहत बेरीनाग में एक दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 369 लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाया गया, जबकि मौके पर दर्ज हुईं सभी 9 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्य और ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल सहित 32 जनप्रतिनिधि और 72 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 220 ग्रामीणों ने भाग लिया।

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पंचायती राज, पशुपालन, खाद्य आपूर्ति, श्रम, डेयरी और शिक्षा सहित प्रमुख विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के जरिए ग्रामीणों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड तथा आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान आयोजित जनसंवाद में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत घर निर्माण से संबंधित समस्याएं रखीं। उपजिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समापन पर उपजिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से आगामी न्याय पंचायत स्तरीय शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

