FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़: भंडारीगाँव गुलदार हमले के बाद वन विभाग का सघन कॉम्बिंग अभियान, ड्रोन से निगरानी और बच्चों को बांटी गईं सीटियां  ।

पिथौरागढ़ न्यूज़ होम लाइव डिजिटल डैस्क। 

​पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) गंगोलीहाट वन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भंडारीगाँव में गुलदार के हमले की हालिया घटना के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गया है। प्रभागीय वनाधिकारी, पिथौरागढ़ वन प्रभाग के निर्देशन में प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

​प्रभावित क्षेत्र की जटिल भौगोलिक स्थिति और घने जंगलों को देखते हुए गुलदार की सटीक लोकेशन ट्रेस करने के लिए ड्रोन कैमरों के जरिए हवाई निगरानी की जा रही है। इसके अलावा, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त कैमरा ट्रैप और इम्प्रेशन पैड लगाए गए हैं, ताकि गुलदार की हर गतिविधि पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा सके।

​प्राथमिक विद्यालयों में जागरूकता और सीटी वितरण

बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एन.पी.आर.सी. खेतीगाँव और जाखनी उप्रेती क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों में विशेष बाल सुरक्षा व जन-जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को वन्यजीवों से बचाव के तौर-तरीके सिखाए गए। छात्रों को आवाजाही के दौरान सुरक्षा के लिए सीटियां बांटी गईं, ताकि खतरे की स्थिति में सीटी की आवाज से वन्यजीव दूर रहें। सुरक्षा के लिहाज से स्कूल परिसरों, शौचालयों और मुख्य रास्तों के आसपास उगी घनी झाड़ियों को भी कटवा दिया गया है ताकि गुलदार के छिपने की जगह न बचे।

​विशेष टीमों की गश्त और मुनादी जारी

वन विभाग की QRT, SOG और रेंज स्टाफ की संयुक्त टीमें भंडारीगाँव, खेतीगाँव और आसपास के क्षेत्रों में दिन-रात लगातार कॉम्बिंग व गश्त कर रही हैं। लाउडस्पीकर और हैंडहेल्ड माइक के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

​ग्रामीणों से वन विभाग की अपील:

​सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।  

​बच्चों और बुजुर्गों को अकेले सुनसान रास्तों या जंगलों की तरफ न भेजें।  

​घरों के आसपास रात में पर्याप्त रोशनी (उजाले) की व्यवस्था रखें।  

​जूठन, बचा हुआ खाना या मांस के अवशेष खुले में बिल्कुल न फेंकें, जिससे वन्यजीव आकर्षित न हों।  

Share This News