गंगोलीहाट में रामलीला मंचन: कैकेयी कोप भवन से वन गमन तक के भावुक प्रसंगों ने दर्शकों को किया भावविभोर, बालिकाओं का अभिनय सराहा गया।

गंगोलीहाट किशन पाठक न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
गंगोलीहाट: श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में श्री महाकाली मंदिर परिसर में चल रही रामलीला के चौथे दिन कलाकारों ने मार्मिक और भावपूर्ण प्रसंगों का जीवंत मंचन किया।
चौथे दिन की लीला का आरंभ कैकेयी के कोप भवन जाने के दृश्य से हुआ। इसके बाद राजा दशरथ-कैकेयी संवाद, राम-कैकेयी संवाद, राम-कौशल्या संवाद, राम-सीता संवाद, राम-लक्ष्मण संवाद, लक्ष्मण-सुमित्रा संवाद और अंत में राजा दशरथ व श्री राम के बीच हुए हृदयस्पर्शी संवाद का मंचन किया गया। जैसे ही श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण के वन गमन का दृश्य मंच पर जीवंत हुआ, पूरा पंडाल भावुक हो उठा।

इस रामलीला मंचन की मुख्य विशेषता यह है कि विभिन्न प्रमुख पात्रों की भूमिकाएं बालिकाओं द्वारा निभाई जा रही हैं। बालिकाओं के उत्कृष्ट और सधे हुए अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय शाह, सचिव गजेंद्र रावल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र रावल, संरक्षक सूबेदार मोहन सिंह रावल तथा महाकाली मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरगोविंद रावल उपस्थित रहे। मंचन का निर्देशन मुख्य निर्देशक सूबेदार शंकर सिंह रावल, सह-निर्देशक किशन उप्रेती व कैलाश सिंह ने किया।
कार्यक्रम में धीरेंद्र बिष्ट, दिनेश बिष्ट, जीवन नेगी, हेम पाठक, प्यारे लाल शाह, बबलू पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे।

