खितोली के कालसिन मंदिर में 12 नवंबर से गूंजेगी शिव महापुराण की पावन कथा, तैयारियों में जुटे ग्रामीण।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग: सीमांत क्षेत्र बेरीनाग के खितोली गांव स्थित प्रसिद्ध कालसिन मंदिर में भव्य शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्रामवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह धार्मिक अनुष्ठान आगामी 12 नवंबर से प्रारंभ होकर 21 नवंबर तक चलेगा। आयोजन के दैनिक कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन प्रातः विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न होगी। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक कथा व्यास द्वारा शिव महापुराण की अमृत वर्षा की जाएगी। वहीं, संध्या आरती के बाद रात्रि 10 बजे तक स्थानीय एवं आमंत्रित मंडलियों द्वारा भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
आयोजन समिति और ग्रामीणों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में कालसिन मंदिर पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। महायज्ञ को भव्य रूप देने के लिए ग्रामीण स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं।

