विधायक के ठोस आश्वासन के बाद नारायणबगड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चल रहा आंदोलन स्थगित; समाधान न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली (चमोली)। विकासखंड नारायणबगड़ में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर पिछले 8 दिनों से चल रहा जन-आंदोलन सोमवार को समाप्त हो गया। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा द्वारा मौके पर पहुंचकर दिए गए ठोस आश्वासनों के बाद आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
नारायणबगड़ पीएचसी के उच्चीकरण, पर्याप्त चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती और आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों की व्यवस्था की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता पिछले 8 दिनों से आंदोलनरत थी। सोमवार को विधायक भूपाल राम टम्टा आंदोलन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे वार्ता की।
वार्ता के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन परिहार सहित अन्य आंदोलनकारियों ने अस्पताल की दुर्दशा का ब्योरा रखा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और जरूरी उपकरणों की भारी कमी के कारण स्थानीय लोगों को सामान्य उपचार के लिए भी दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उनका समय और भारी धन खर्च होता है।

समस्याओं को सुनने के बाद विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि वे क्षेत्र की स्वास्थ्य दिक्कतों से पूरी तरह वाकिफ हैं और नारायणबगड़ सहित संपूर्ण थराली विधानसभा में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने पीएचसी के उच्चीकरण और चिकित्सकों की शीघ्र तैनाती सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का ठोस आश्वासन दिया।
विधायक के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो जनता पुनः उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय आंदोलनकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

