प्रशासन के आश्वासन पर अमल न होने से भड़के छात्र, गंगोलीहाट में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू।

गंगोलीहाट नीरज पंत न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
गंगोलीहाट। पूर्व में प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन पर कोई कार्रवाई न होने और दी गई 15 दिन की समयावधि समाप्त होने के बाद छात्रसंघ का आक्रोश फूट पड़ा। छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
छात्रों का कहना है कि प्रशासन को उनकी मूलभूत मांगों पर ठोस निर्णय लेने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन के स्तर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, जिससे छात्रों में गहरा रोष है।
छात्रों की प्रमुख मांगें:
- महाविद्यालय के नए भवन तक पक्की सड़क का निर्माण
- महाविद्यालय में बीएससी, बीकॉम एवं एम.ए. की कक्षाओं का तत्काल संचालन
- महाविद्यालय का उच्चीकरण
- महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं हेतु छात्रावास का निर्माण
धरने पर पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष अमित वर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आंदोलन की अगुवाई कर रहे छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल ने स्पष्ट किया कि जब तक महाविद्यालय से जुड़ी इन सभी मांगों पर लिखित एवं ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।

