रामलीला: भरत-मिलाप और दशरथ मरण के मार्मिक प्रसंगों ने दर्शकों को किया भावुक, बालिकाओं के जीवंत अभिनय की जमकर सराहना।

गंगोलीहाट किशन पाठक न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
गंगोलीहाट: श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में श्री महाकाली मंदिर परिसर में चल रही भव्य रामलीला के छठे दिन मार्मिक और भावपूर्ण प्रसंगों का सुंदर मंचन किया गया।
छठे दिवस की लीला में दशरथ-सुमंत संवाद, राजा दशरथ का देहावसान, भरत और शत्रुघ्न का ननिहाल से लौटना, कैकेयी-भरत संवाद तथा शत्रुघ्न-मंथरा संवाद के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके उपरांत केवट-राम संवाद, केवटों द्वारा भरत परिवार को नदी पार कराना, राम-लक्ष्मण संवाद और भावुक राम-भरत मिलाप का मंचन हुआ। अंत में भरत द्वारा प्रभु श्री राम की चरण पादुकाएं (खड़ाऊं) सिर पर रखकर अयोध्या लौटने तक की लीला प्रस्तुत की गई।
रामलीला मंचन की मुख्य विशेषता यह रही कि प्रमुख पात्रों की भूमिकाओं में बालिकाओं ने बेहद प्रभावशाली व सजीव अभिनय किया, जिसे पंडाल में मौजूद सभी दर्शकों ने खूब सराहा और करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के छठे दिन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा, पूर्व विधायक मीना गंगोला तथा कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों व गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका हनेरा वार्ड के सभासद दीपक (चारू) बोरा, कुंजनपुर वार्ड के सभासद भरत खाती, मनोनीत सभासद रेनू चौधरी, पूर्व सभासद नीमा परगाई, सरपंच संगठन के अध्यक्ष नीरज पन्त, भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नवीन मेहरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश धनिक, जिला मंत्री रमेश बोरा, प्रधान संगठन के महामंत्री हरीश दुर्गापाल, बेरीनाग नगर मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, भरत परगाई, कांग्रेस नगर अध्यक्ष दीपक धानिक, सेवादल अध्यक्ष विक्की गंगोला, कांग्रेस किसान मोर्चा अध्यक्ष राकेश कुमार, कांग्रेस प्रदेश सचिव मुकेश रावल, विशाल टम्टा, आदित्य टम्टा, ग्राम प्रधान जगदीश बोरा, ललित कुमार, पूर्व प्रधान नवीन जोशी, विक्की डसीला, गणाई मंडल के महामंत्री ओम प्रकाश तथा राकेश डसीला सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान रहा।

