FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ पुलिस ने राइंका नाचनी में चलाया जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। जनपद पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को थाना नाचनी पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज (राइंका) नाचनी में एक कार्यशाला आयोजित की। थानाध्यक्ष मंगल सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को साइबर अपराधों, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

​कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड के तौर-तरीकों की जानकारी दी और इनसे सुरक्षित रहने के आवश्यक सुझाव साझा किए। पुलिस ने उपस्थित लोगों को बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, ताकि समय रहते लेन-देन की धनराशि को होल्ड कराया जा सके। इसके साथ ही मामलों के त्वरित समाधान के लिए MRM और GRM पोर्टल की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।

​कार्यशाला में महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 112, 1090 (वीमेन पावर लाइन) और 1091 के उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस टीम ने सभी छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की कि वे सीखी गई बातों को अपने आस-पड़ोस के लोगों के साथ भी साझा करें, जिससे एक जागरूक और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।

Share This News