पिथौरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता: इंस्टाग्राम पर फर्जी ID बनाकर 7.38 लाख की ठगी करने वाला मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, NBW था जारी।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ पिथौरागढ़ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एक व्यक्ति से ₹7.38 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर-रीवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न्यायालय में पेशी से बचकर लगातार फरार चल रहा था।
फर्जी DLF आईडी बनाकर की थी धोखाधड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को वादी विशाल भट्ट ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा इंस्टाग्राम ऐप पर फर्जी ‘डीएलएफ’ (DLF) आईडी तैयार कर उनके साथ ₹7,38,881/- की धोखाधड़ी की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 318 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
खाते में मंगाए थे 4.5 लाख रुपये
मामले की जांच के दौरान आरोपी अभिषेक तिवारी (निवासी ग्राम भड़रा, थाना अतरैला, जिला रीवा, मध्य प्रदेश) की संलिप्तता सामने आई। विवेचना में खुलासा हुआ कि आरोपी ने ठगी की कुल रकम में से ₹4,50,000/- अपने फेडरल बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए थे। आरोपी लगातार विवेचना से बच रहा था और अदालत में भी हाजिर नहीं हो रहा था, जिस पर माननीय न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था।
सर्विलांस और तकनीकी इनपुट से एमपी में दबोचा
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से तकनीकी व मैनुअल साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश दबिश देकर आरोपी अभिषेक तिवारी को इंदौर-रीवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
-
- उ0नि0 ललित डंगवाल
- हे0का0 भूपेन्द्र सिंह
- हे0का0 अब्दुल खालिक
- अ0उ0नि0 हेम चन्द्र सिंह (सर्विलांस सेल)
- का0 कमल तुलेरा (सर्विलांस सेल)
पिथौरागढ़ पुलिस की जनता से अपील:
सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान या फर्जी प्रोफाइल, लुभावने ऑफर्स, संदिग्ध लिंक या अनधिकृत वित्तीय लेन-देन के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या भारत सरकार के पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

