FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandथराली

ग्वालदम-तपोवन मोटर मार्ग को BRO को सौंपने की मांग तेज: पिंडर घाटी में आंदोलन की सुगबुगाहट, 2027 चुनाव बहिष्कार की चेतावनी।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।

​थराली (चमोली): सामरिक दृष्टि, साहसिक पर्यटन और तीर्थाटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण प्रस्तावित ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन मोटर मार्ग को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को हस्तांतरित करने की मांग को लेकर पिंडर घाटी में एक बार फिर जनांदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मांग पूरी न होने की स्थिति में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार तक की चेतावनी दी जाने लगी है।

​सड़क संघर्ष समिति के एक शिष्टमंडल ने थराली के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) यदुवीर सिंह रावत के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मार्ग को जल्द बीआरओ को नहीं सौंपा गया, तो नवंबर माह से क्षेत्र में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

  • ​सामरिक रूप से बेहद अहम है यह मार्ग

​भारत-तिब्बत सीमा पर कुमाऊं के धारचूला और गढ़वाल के जोशीमठ सेक्टरों को जोड़ने के लिहाज से यह सड़क रक्षा तंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रक्षा मंत्रालय द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में सामने आया था कि वर्तमान रूट की तुलना में ग्वालदम-तपोवन सड़क बनने से दूरी लगभग 60 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे दोनों सीमाओं के बीच सैन्य वाहनों और रसद की आवाजाही कम समय में सुगम हो सकेगी।

​इसे देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने अक्टूबर 2024 में करीब ₹936 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति देते हुए सड़क निर्माण व रखरखाव की जिम्मेदारी बीआरओ को सौंपी थी। योजना के तहत ग्वालदम से वांण तक करीब 60 किमी सड़क लोनिवि से बीआरओ को हस्तांतरित होनी थी, जबकि वांण से तपोवन तक लगभग 29 किमी नई सड़क का निर्माण बीआरओ को करना था।

  • ​वादे के बाद भी हस्तांतरण न होने से आक्रोश

​वर्ष 2025 में राज्य सरकार ने श्री नंदादेवी राजजात यात्रा काो हवाला देते हुए यात्रा संपन्न होने तक सड़क लोनिवि थराली डिवीजन के पास ही रखने का अनुरोध किया था, जिस पर रक्षा मंत्रालय ने सहमति दी थी। इसके विरोध के बाद 7 दिसंबर 2025 को सवाड़ (देवाल) में आयोजित सैनिक मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सार्वजनिक घोषणा की थी कि यात्रा के बाद सड़क बीआरओ को सौंप दी जाएगी।

​यद्यपि इस वर्ष राजजात नहीं हुई, लेकिन सितंबर में ‘श्री नंदादेवी बड़ी जात’ संपन्न हो चुकी है। यात्रा बीत जाने के बावजूद शासन स्तर पर सड़क हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू न होने से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है।

​सोशल मीडिया पर चुनाव बहिष्कार की मुहिम, 26 को अहम बैठक

​मांग पूरी न होने पर देवाल विकासखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने से जुड़े संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं, जिसे स्थानीय लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

​सड़क संघर्ष समिति के संयोजक महावीर बिष्ट ने बताया कि आंदोलन की आगे की रूपरेखा तय करने के लिए 26 अक्टूबर को देवाल ब्लॉक मुख्यालय में संयोजक मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें निर्णायक कदम उठाए जाएंगे।

​एसडीएम को ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में संयोजक महावीर बिष्ट, देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, किशोर घुनियाल, गौरव खत्री, लखपत परिहार, मनोजपाल, दर्शन, यशवंत सिंह और गंगा सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This News