महाकाली मंदिर परिसर में रामलीला: सूर्पनखा नासिका छेदन व सीता हरण के दृश्यों ने बांधा समां, बालिकाओं के जीवंत अभिनय ने मोहा मन।

किशन पाठक न्यूज होम लाइव डिजिटल।
गंगोलीहाट। श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में प्रसिद्ध श्री महाकाली मंदिर परिसर में चल रही भव्य रामलीला के सातवें दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। सातवें दिवस के मंचन में प्रभु श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता के पंचवटी प्रस्थान से लेकर अत्रि मुनि-अनसूया संवाद, पंचवटी में सूर्पनखा प्रवेश, राम-लक्ष्मण से संवाद तथा लक्ष्मण द्वारा सूर्पनखा की नासिका छेदन के प्रसंग प्रस्तुत किए गए।

इसके उपरांत खर-दूषण वध, सूर्पनखा का रावण दरबार में विलाप, रावण-मारीच संवाद, मारीच द्वारा कपट मृग बनकर पंचवटी में प्रवेश, राम द्वारा मृग का पीछा करना, लक्ष्मण-सीता संवाद और अंत में रावण द्वारा साधु वेश में आकर माता सीता के हरण तक के हृदयस्पर्शी दृश्यों का सजीव मंचन किया गया। सूर्पनखा का मनमोहक और प्रभावी अभिनय अपर्णा रावल द्वारा निभाया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से सैकड़ों दर्शक पहुंचे।

बालिकाओं का अभिनय बना मुख्य आकर्षण
रामलीला मंचन की मुख्य विशेषता यह है कि विभिन्न प्रमुख पात्रों की भूमिकाओं में बालिकाएं जीवंत और ओजस्वी अभिनय प्रस्तुत कर रही हैं, जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। इसके साथ ही, मंचन की अनूठी परंपरा के तहत राम जन्म के समय भगवान विष्णु का दृश्य तथा राक्षसों के संहार से पूर्व मां महाकाली के भव्य दृश्य का मंचन दर्शकों के लिए विशेष श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र बना रहा।
आठवें दिवस कई गणमान्य रहे मौजूद
आठवें दिवस की लीला के दौरान पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खजान चंद ‘गुड्डू’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा अज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भूपाल आर्या, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, भाजपा नेता गोपाल राम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित पाठक, संजय बोरा आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम में मंदिर कमेटी अध्यक्ष हरगोविंद रावल, रामलीला कमेटी अध्यक्ष विजय शाह, व्यापार संघ अध्यक्ष हितेश खाती, जिला संगठन मंत्री प्रदीप पंत, षष्ठी रावल, त्रिभुवन बिष्ट, संजय रावल, नवीन उप्रेती, कमल रावल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी व श्रद्धालु उपस्थित थे।

