ललित मोहन टम्टा के बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष बनने पर बेरीनाग में भव्य स्वागत।

बेरीनाग संवाददाता।
उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष चुने जाने पर जिला सहकारी बैंक शाखा बेरीनाग के प्रबंधक ललित मोहन टम्टा का नगर में भव्य स्वागत किया गया। शहीद चौक पर व्यापार संघ के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया।
समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि ललित मोहन टम्टा का प्रांतीय अध्यक्ष चुना जाना पूरे बेरीनाग क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बैंक कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ संस्था का भी तेजी से विकास होगा।
नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष ललित मोहन टम्टा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन और क्षेत्रवासियों के भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्येय बैंक की जन-कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मीना गंगोला, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, कमलेश पंत, दीपक धानिक, अमित साह, किशन पंत, किरन मियान, जीवन सिंह धानिक, करम राम, होशियार मियान और बलवंत धानिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक कालाकोटी ने किया।

