गंगोलीहाट में रामलीला मंचन के आठवें दिन बाली वध और सुग्रीव के राज्याभिषेक का जीवंत मंचन, बालिकाओं के अभिनय ने मोहा मन।

गंगोलीहाट किशन पाठक न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
गंगोलीहाट: श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में श्री महाकाली मंदिर परिसर में आयोजित भव्य रामलीला के आठवें दिन की लीला का सफल मंचन किया गया।
आठवें दिन के मंचन में प्रभु श्री राम और लक्ष्मण का अलग-अलग दिशाओं से पंचवटी लौटना, सीता हरण के बाद राम-लक्ष्मण विलाप व संवाद, सीता खोज, जटायु-राम संवाद, शबरी आश्रम आगमन तथा भावुक राम-शबरी संवाद प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत हनुमान-राम मिलन, सुग्रीव-राम मित्रता, बाली-तारा संवाद, बाली व सुग्रीव के बीच भीषण मल्ल युद्ध और श्री राम द्वारा बाली वध के प्रसंग दिखाए गए। अंत में बाली-राम संवाद, तारा विलाप, अंगद को युवराज घोषित करने और सुग्रीव के राज्याभिषेक के दृश्य के साथ लीला संपन्न हुई।
इस रामलीला मंचन की मुख्य विशेषता यह है कि विभिन्न प्रमुख पात्रों की भूमिकाएं बालिकाओं द्वारा निभाई जा रही हैं। बालिकाओं के जीवंत और भावपूर्ण अभिनय को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। मंचन देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम के आठवें दिन मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अनु सचिव करम राम एवं उनकी धर्मपत्नी मालती देवी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा ओबीसी जिला उपाध्यक्ष रविंद्र लाल वर्मा, पूर्व सभासद एवं राजकीय ठेकेदार मोहन कार्की (पप्पू कार्की), व्यापार संघ उपाध्यक्ष हंसा दत्त पाठक, दीपक कुमार, देवराज साह, षष्ठी रावल, त्रिभुवन बिष्ट, संजय रावल, नवीन उप्रेती, कमल रावल, भगवत रावल, सुनील रावल सहित अनेक गणमान्य लोग व दर्शक उपस्थित रहे।

