देवाल: पिंडर और शंभू नदी पर अस्थाई लकड़ी के पुल बनाने व हरमल ट्राली निर्माण की मांग, लोनिवि ईई को सौंपा ज्ञापन।

थराली (हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट )।
थराली। विकासखंड देवाल के अंतर्गत सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुगमता को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली से पिंडर एवं शंभू नदी पर अस्थाई लकड़ी के पुल बनाने तथा हरमल में निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक ट्राली का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता (ईई) मनीष डोगरा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
लोनिवि ईई से मिलने वाले शिष्टमंडल में हरमल के ग्राम प्रधान आलम राम, हरमल-चोटिंग क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया और भाजपा नेता हरेंद्र गड़िया सहित कई प्रतिनिधि शामिल रहे।
- आपदा में बहे पुल, मरम्मत कार्य में देरी से ग्रामीण परेशान
अधिशासी अभियंता को सौंपे ज्ञापन में प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि वर्ष 2013 की दैवीय आपदा के दौरान हरमल में पिंडर नदी पर बना झूला पुल बह गया था। इसके बाद लोनिवि द्वारा स्थापित इलेक्ट्रिक ट्राली भी बाद में आपदा की भेंट चढ़ गई। पिछले एक वर्ष से यहां इलेक्ट्रिक ट्राली का पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्य चल रहा है, जो अब तक अधूरा है।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद पिंडर नदी का जलस्तर कम हो चुका है। ऐसे में आर-पार के गांवों में स्थानीय जनता व स्कूली बच्चों के सुगम आवागमन के लिए तत्काल लकड़ी का अस्थाई पुल बनाया जाना बेहद आवश्यक है।
- कुवरगढ़ में भी शंभू नदी पर अस्थाई व्यवस्था की मांग
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बीते वर्ष भारी बारिश के कारण कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के सीमावर्ती गांवों को जोड़ने वाले प्रमुख पैदल मार्ग पर शंभू नदी (कुवरगढ़) स्थित गाडर पुलिया भी बह गई थी। प्रतिनिधियों ने वहां स्थाई पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तत्काल लकड़ी का अस्थाई पुल तैयार कराने का आग्रह किया।
- लोनिवि ईई ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनने के बाद लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं दूसरी ओर, सवाड़ वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने भी लोनिवि थराली को पत्र प्रेषित कर जनहित में पिंडर एवं शंभू नदी पर शीघ्र अस्थाई लकड़ी के पुलों का निर्माण कराने की मांग की है।

