FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhandदेहरादून।

उत्तराखंड को 805 करोड़ की विकास सौगात: सीएम धामी ने दी वित्तीय स्वीकृति, पिथौरागढ़ नगर निगम भवन और गुरु गोरखनाथ मेला स्थल के लिए खुला खजाना।

देहरादून संवाददाता। 

​देहरादून: उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के लिए 805 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस योजना के तहत सीमांत जिले पिथौरागढ़ को कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है।

​नगर निगम कार्यालय और ग्रामीण सड़कों को मिली मंजूरी

जारी बजट में से पिथौरागढ़ नगर निगम के नए कार्यालय भवन निर्माण के लिए ₹24.47 करोड़ की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। प्रशासनिक भवन बनने से नगरवासियों को नागरिक सेवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।

​ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने के क्रम में डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹74.44 लाख मंजूर किए गए हैं। इस मार्ग के बनने से स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पूरी होगी।

​गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल का होगा कायाकल्प

धार्मिक पर्यटन और स्थानीय लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹32.53 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। इस बजट से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

​मुख्यमंत्री के इस फैसले से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी और सीमांत क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत धनराशि में सड़क निर्माण एवं सुधार, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन, पेयजल योजनाओं, बांधों की सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये तथा यूजेवीएनएल के छह बांधों और बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के तहत 398.30 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

चंपावत जिले में दुधौरी ग्राम पंचायत स्थित भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 58.67 लाख और क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 47.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पूर्णागिरि मेले के लिए सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन निर्माण को भी चार करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार में क्षतिग्रस्त एवं कम व्यास वाली सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन के लिए भूपतवाला क्षेत्र में 7.65 करोड़ और कनखल क्षेत्र में 6.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रोशनाबाद में आबकारी विभाग के कार्यालय एवं आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.09 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

देहरादून के रायपुर में आरजीआईसीएस की मौजूदा पहली मंजिल पर शेड निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये, चक तुनवाला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 9.84 करोड़ और धामावाला वार्ड में क्षतिग्रस्त सीवर लाइन बदलने के लिए 3.80 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

उत्तरकाशी के हर्षिल में मुख्य मार्ग स्थित भवनों के बाहरी स्वरूप के सौंदर्यीकरण के प्रथम चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, जसपुर में मंदिरों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना स्थित घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर) की किश्त के रूप में 328.28 करोड़ रुपये देने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

Share This News