घटती छात्र संख्या पर चिंता, स्कूलों की दशा और गुणवत्ता सुधारने को लेकर कई प्रस्ताव पारित।
देवाल में ब्लॉक शिक्षा समिति की बैठक संपन्न:

थराली (हरेंद्र बिष्ट)।
थराली। विकासखंड देवाल के ब्लॉक सभागार में ब्लॉक शिक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जेष्ठ प्रमुख एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष दीपक गड़िया की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में विकासखंड की शैक्षणिक व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने, सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने कहा कि सरकारी प्राथमिक, जूनियर व इंटर कॉलेजों में घटती छात्र संख्या एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अभिभावकों से सीधा संपर्क साधें और उन्हें अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने, विद्यालय भवनों के उचित रखरखाव, मिड-डे मील (एमडीएम) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शौचालयों की नियमित स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही, विकासखंड के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने रिक्त पदों को शीघ्र भरवाने के ठोस प्रयास करने की बात कही।
खंड शिक्षा अधिकारी योगेश सेमवाल ने विकासखंड की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि छात्र संख्या में लगातार आ रही गिरावट के कारण कई प्राथमिक विद्यालयों पर बंद होने की नौबत आ गई है। इन स्कूलों के अस्तित्व को बचाने के लिए शिक्षकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी जयदीप बेरवाण ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का सतत विकास वहां की सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था पर ही निर्भर करता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्राम स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर शैक्षणिक संस्थानों के विकास की कार्ययोजना तैयार करें।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधि दलवीर राम और उर्वी दत्त जोशी ने भी अपने विचार रखे और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए।
इस बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज देवाल, सवाड़, ल्वाणी, मुन्दोली, वाण, घेस, मेलखेत, बोरागाड़, राजकीय कन्या हाईस्कूल देवाल, जनता हाईस्कूल सरकोट सहित क्षेत्र के विभिन्न जूनियर हाईस्कूलों एवं प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक प्रतिनिधि और पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

