नारायणबगड़ में धूमधाम से आयोजित हुआ दीपावली मिलन समारोह, बांटे गए दीपक और मिठाइयां।

थराली (हरेंद्र बिष्ट):
थराली। विकासखंड मुख्यालय नारायणबगड़ में ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की पहल पर भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा विकासखंड कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मंगलवार को आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने सभी उपस्थित लोगों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द और खुशियों का प्रतीक है, जिसे सभी को अपने परिजनों व बंधु-बांधवों के साथ पूरे हर्षोल्लास से मनाना चाहिए। ब्लॉक प्रमुख ने आह्वान किया कि समाज में सकारात्मक बदलाव और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शों व पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने आगामी उत्तरायणी पर्व पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले को भव्य रूप देने तथा इसमें स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अधिक से अधिक मंच प्रदान करने की अपील भी की। समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों को पारंपरिक रूप से दीपक और मिठाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में कोठली वार्ड की जिला पंचायत सदस्य साक्षी नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिंह खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह रावत (दीपू), नीरज नेगी, विपिन परिहार, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जितेंद्र सिंह, उर्मिला कंडारी, सुरेंद्र लाल, मोनू सती, सूरज रावत, रग्गी नेगी, देवेंद्र कोहली सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक कर्मी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर दीपावली की बधाई दी।

