सड़कों की बदहाली को लेकर यूकेडी का लोनिवि कार्यालय पर प्रदर्शन, ईई को सौंपा 33 सड़कों की समस्याओं का ज्ञापन।

थराली (हरेंद्र बिष्ट):
थराली। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने थराली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बदहाल सड़कों के सुधारीकरण, डामरीकरण और वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को शुरू कराने की मांग को लेकर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के खंडीय कार्यालय पर धरना दिया और अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यूकेडी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में एकत्रित हुए। वहां से शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में लोनिवि थराली के डिवीजन कार्यालय पहुंचे। कार्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन करने के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा, सहायक अभियंता एमसी जोशी एवं अवर अभियंता श्रीजय से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़कों और मोटर पुलों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता को एक संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि थराली विधानसभा क्षेत्र के तीनों विकासखंडों—नारायणबगड़, देवाल और थराली की ग्रामीण सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। वर्षों बाद भी सड़कों का डामरीकरण नहीं हो सका है, जिससे कई गांव आज भी यातायात सुविधा से वंचित हैं। इसके अलावा आपदा प्रभावित मार्गों का पुनर्निर्माण कार्य शुरू न होने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में देवाल ब्लॉक की 15, नारायणबगड़ की 12 और थराली ब्लॉक की 6 यानी कुल 33 सड़कों की समस्याओं को प्रमुखता से दर्ज किया गया।
वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि डिवीजन स्तर पर सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। वहीं शासन स्तर से स्वीकृत होने वाले प्रस्तावों की पैरवी कर जल्द समाधान निकाला जाएगा।
प्रदर्शन में यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष भूपाल सिंह गुसाईं, गैरसैंण अध्यक्ष जमन सिंह मनीषा, जिला उपाध्यक्ष डॉ. डीडी उनियाल, कार्यकारी अध्यक्ष दर्शन शाह, देवाल के कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम वल्लभ देवाड़ी, केंद्रीय सचिव त्रिभुवन सिंह नेगी, नारायणबगड़ अध्यक्ष महिधर प्रसाद चमोला, जिला महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद रतूड़ी, वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहन राम आर्य, यशपाल नेगी, प्रकाश राम, विक्रम राम, अर्जुन सिंह, पूजा शर्मा, हेमा गड़िया, तनूजा, दिया मिश्रा, किरन बिष्ट, सोनी बोरा, बीना, ममता, राहुल, अभिषेक नेगी, भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

