पीएम श्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी देवलथल में तीन दिवसीय नागरिकता कौशल विकास कार्यशाला संपन्न, विद्यार्थियों के मॉडलों और उत्पादों ने मोहा मन।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
देवलथल (पिथौरागढ़): पी एम श्री अटल उत्कृष्ट त्रिलोक सिंह बसेड़ा (टी एस बी) रा ई का देवलथल में चल रहे तीन दिवसीय नागरिकता कौशल विकास कार्यक्रम का आज भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर कार्यशाला में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान व सामाजिक मॉडलों, खाद्य उत्पादों तथा रंगोत्सव के तहत सजाई गई आकर्षक रंगोलियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी का अवलोकन करने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी पहुंचे।
कार्यशाला के समापन समारोह में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) के अध्यक्ष विष्णु दत्त पाण्डेय मुख्य अतिथि तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष हरीश चंद्र जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों, जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार मॉडलों और खाद्य प्रसंस्करण के तहत बनाए गए अचार, जैम, स्क्वैश आदि उत्पादों की जमकर सराहना की।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी देखने आए अभिभावकों और अन्य विद्यालयों के बच्चों को नागरिकता कौशल विकास, मॉडलों की कार्यप्रणाली तथा खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी। वहीं ‘रंगोत्सव’ के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया।
इससे पूर्व, कनालीछीना के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राहुल रैंसवाल ने कार्यशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को देख उनका उत्साहवर्धन किया और विद्यालय में नवाचार के तहत किए जा रहे इन रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह धामी ने तीन दिवसीय कार्यशाला को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला उद्यान अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया।

