जनगणना-2027: डीएम आशीष कुमार भटगांई ने ऑनलाइन की स्व-गणना, नागरिकों से की बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। जनगणना-2027 के तहत सोमवार से स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अभियान की शुरुआत करते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय से ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्व-गणना दर्ज की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित सरकारी पोर्टल पर लॉग-इन कर अपनी और अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भरीं और स्व-गणना की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।
डीएम भटगांई ने जनपद के सभी नागरिकों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। आमजन घर बैठे ही संबंधित पोर्टल या क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन कर स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे गणना कार्य में सुगमता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

