FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़: जिले के उत्कृष्ट बुनकर, हस्तशिल्पी और उद्यमी सम्मानित, डीएम ने दिए पुरस्कार।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जनपद के उत्कृष्ट बुनकरों, हस्तशिल्पियों और लघु उद्यमियों के उत्पादों का मूल्यांकन कर उन्हें सम्मानित किया गया।

​बैठक में चयन समिति ने विभिन्न श्रेणियों के तहत प्रदर्शित उत्पादों का बारीकी से अवलोकन किया और श्रेष्ठ कार्य करने वाले उद्यमियों को पुरस्कार प्रदान किए। जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय स्तर पर हथकरघा, हस्तशिल्प और लघु उद्योग से जुड़े उद्यमियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष यह पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके तहत प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न के साथ 6,000 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 4,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

​इन उद्यमियों ने मारी बाजी:

  • ​हथकरघा क्षेत्र: पश्मीना शॉल निर्माण में डीडीहाट की राधा देवी को प्रथम तथा नन्दा देवी को द्वितीय पुरस्कार मिला।
  • ​हस्तशिल्प क्षेत्र: वुडन चारधाम उत्पाद तैयार करने के लिए अनिल कुमार प्रथम स्थान पर रहे, जबकि ऐपण फ्रेम उत्पाद के लिए कु. मंजू भंडारी को द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया।
  • ​लघु उद्योग क्षेत्र: मिलेट उत्पाद एवं ग्रीन टी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए हिमांशु जोशी (प्राइड ऑफ हिमालया) ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया, वहीं कुल्फी उत्पाद के लिए त्रिलोचन पंत सेलर्स को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

​इस मौके पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और उद्यमिता को सशक्त बनाने में ऐसे आयोजन बेहद कारगर हैं। उन्होंने उद्यमियों से अपने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, निरंतर नवाचार अपनाने और पहाड़ के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का आह्वान किया।

Share This News