FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

12 साल का लंबा इंतजार और एक पिता की बेबसी: “बेटी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” के नारों से गूंजा पिथौरागढ़। 

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

पिथौरागढ़। “12 साल का यह लंबा वक्त कैसे बीता है, इसका दर्द वही समझ सकता है जिसके घर में बेटी है। आज यहाँ सिर्फ नन्ही परी का पिता नहीं बोल रहा, बल्कि हर उस घर का पिता बोल रहा है जिसकी आंगन में बेटी खेलती है…” — अपनी मासूम बेटी को खोने के 12 साल बाद भी न्याय की बाट जोह रहे एक पिता के ये शब्द शुक्रवार को पूरे पिथौरागढ़ की आंखें नम कर गए।

​नन्ही परी की 12वीं पुण्यतिथि पर सीमांत जनपद का दर्द एक बार फिर सड़कों पर आक्रोश बनकर फूट पड़ा। श्रद्धांजलि सभा और जुलूस के दौरान पूरी सोरघाटी “बेटी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” के नारों से गूंज उठी।

​दलों की दीवारें तोड़ एकजुट हुआ शहर

मासूम को इंसाफ दिलाने के लिए शुक्रवार को नगर के रामलीला मैदान में राजनीति और संगठनों की सीमाएं मिट गईं। कांग्रेस, यूकेडी, भाकपा माले, पूर्व सैनिक संगठन, व्यापार संघ, होटल एसोसिएशन और छात्रसंघ समेत भारी संख्या में आम नागरिक एक मंच पर आए। सभी ने एक स्वर में व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोषियों का आजाद घूमना पूरी व्यवस्था और समाज के लिए शर्मनाक है। सभा के बाद रामलीला मैदान से गांधी चौक तक आक्रोश जुलूस निकाला गया।

​’एक-दो दिन के धरने से काम नहीं चलेगा’: विधायक मयूख महर

कार्यक्रम में पहुंचे विधायक मयूख महर ने न्याय की इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब एक-दो दिन के सांकेतिक धरना-प्रदर्शन के बजाय एक क्रमबद्ध और लंबे जन-आंदोलन की आवश्यकता है।

​नन्ही परी के पिता के एक साक्षात्कार का जिक्र करते हुए विधायक भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पिता का यह कहना कि ’12 साल से बिटिया को देखा नहीं’, बेहद पीड़ादायक है। महर ने याद दिलाया कि 10-11 साल पहले परिजनों की मांग पर उन्होंने ही मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखकर इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम नन्ही परी के नाम पर करवाया था और शासनादेश जारी कराया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लंबी लड़ाई में वे हर कदम पर परिवार के साथ खड़े हैं।

Share This News