FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandदेहरादून।

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड: कई आवासीय भवन जलकर राख, सीएम धामी ने जताया गहरा दुःख।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​देहरादून/उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अंतर्गत ग्राम पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड में कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

​राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ (SDRF), पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है।

​भोजन, आवास और मुआवजे की होगी समुचित व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, अस्थायी आवास और चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर पीड़ितों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

​प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा पीड़ित परिवारों को इस विपदा से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Share This News