रा.स्ना. महाविद्यालय बेरीनाग में संविधान दिवस पर गोष्ठी आयोजित, वक्ताओं ने संवैधानिक मूल्यों पर की चर्चा।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. बी.एम. पाण्डेय के मार्गदर्शन में राजनीति विज्ञान विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. एम.सी. पाण्डेय ने की।
गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के राजेन्द्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना और उसमें निहित संवैधानिक मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका पर भी व्यापक प्रकाश डाला।
राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. जे.पी. त्यागी ने संविधान के अंगीकरण तथा इसके निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के व्यावहारिक दृष्टिकोण को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. एम.सी. पाण्डेय ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान की मूलभूत अवधारणा को विद्यार्थियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जे.पी. त्यागी ने किया। गोष्ठी में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

