100 फीट गहरी खाई में गिरी कार, घायल होने के बावजूद तीन नन्हे बच्चों ने बचाई चालक की जान।

ऩ्यूज होम लाइव डिजिटल।
जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने की सराहना; सरकार से सम्मानित कराने की तैयारी
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। बीते 23 नवंबर को करीब 100 फीट गहरी खाई में कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद तीन स्कूली बच्चों ने जिस अदम्य साहस, सूझबूझ और मानवीय संवेदना का परिचय दिया, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बन गया है। महज 12 से 13 वर्ष की उम्र में संकट की घड़ी में घबराने के बजाय इन बच्चों ने घायल अवस्था में किसी तरह गहरी खाई से निकलकर सड़क तक का सफर तय किया और राहगीरों व पुलिस को हादसे की सूचना दी। बच्चों की इसी तत्परता के चलते समय रहते कार में फंसे चालक संदीप सिंह को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
इस साहसिक कार्य के लिए हिमालय इंटर कॉलेज चौकोड़ी के तीन विद्यार्थियों— करण पाठक (कक्षा आठ), प्रियांशु पाठक (कक्षा आठ) और विवेक सिंह रावत (कक्षा सात) की चारों ओर खूब प्रशंसा हो रही है।
- जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने थपथपाई पीठ
सरकार से सम्मानित कराने का प्रयास: दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या ने कहा कि जिस उम्र में बच्चे सामान्य परिस्थितियों में भी घबरा जाते हैं, उस उम्र में इन बच्चों ने संकट के समय बड़ी जिम्मेदारी निभाई है। इनके हौसले को सलाम किया जाना चाहिए। सरकार की ओर से भविष्य में इन बच्चों को सम्मानित कराने का प्रयास किया जाएगा।
शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव: एसडीएम बेरीनाग अंकित राज ने कहा कि जान जोखिम में पड़ने जैसी परिस्थितियों में बच्चों द्वारा सूझबूझ से काम लेना बेहद सराहनीय है। बच्चों ने न केवल खुद को संभाला, बल्कि समय रहते सूचना देकर घायल चालक की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन्हें सरकार से सम्मानित करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात: बेरीनाग की ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल ने कहा कि खुद घायल होने के बावजूद गहरी खाई से सड़क तक पहुंचना और दूसरों की जान बचाने के लिए मदद मांगना असाधारण साहस है। बच्चों का यह कार्य पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
- पुलिस विभाग करेगा सम्मानित: कोतवाली बेरीनाग के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार ने बताया कि बच्चों द्वारा समय पर राहगीरों और पुलिस को सूचना दिए जाने से राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी मदद मिली। पुलिस विभाग की ओर से भी तीनों बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
- परिवहन विभाग भी भेजेगा नाम: पिथौरागढ़ के एआरटीओ शिवांश काडपाल ने बच्चों की समझदारी की सराहना करते हुए कहा कि तीनों विद्यार्थियों के नाम प्रोत्साहन एवं सम्मान के लिए प्रस्तावित कर विभाग को भेजे जाएंगे, ताकि उनके साहसिक कार्य को उचित पहचान मिल सके।
- विद्यालय परिवार गौरवान्वित: हिमालय इंटर कॉलेज चौकोड़ी की प्रधानाचार्या देवबाला बिष्ट ने कहा कि तीनों विद्यार्थियों ने अपने कार्य से विद्यालय का नाम रोशन किया है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ-साथ बच्चों में साहस, आत्मविश्वास, मानवीय संवेदना और संकट के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।

