FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

नन्हे-मुन्ने बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ का पाठ, पुलिस ने दिया उज्ज्वल भविष्य का मंत्र।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़। जनपद में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें बाल अपराधों के प्रति सतर्क रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को एसओजी एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी ने नगर के सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ संवाद किया।

​जागरूकता कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक नीरज भाकुनी ने बेहद सरल भाषा में बच्चों को बाल अपराधों और उनके विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को ‘अच्छे और बुरे स्पर्श’ (गुड टच-बैड टच) में अंतर करना सिखाया और किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आने की हिदायत दी। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी असहज स्थिति या परेशानी के समय घबराने के बजाय बिना किसी डर के तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षकों को इसकी जानकारी दें।

​अपराधों से बचाव के साथ-साथ उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, अच्छी आदतों और कड़ी मेहनत का महत्व समझाते हुए उन्हें एक सफल और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। पुलिस विभाग का प्रयास है कि जनपद का प्रत्येक बच्चा सुरक्षित, जागरूक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण होकर अपने सुनहरे भविष्य की ओर कदम बढ़ाए।

Share This News