UKPSC प्रारम्भिक परीक्षा को लेकर पिथौरागढ़ पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
पिथौरागढ़। जनपद में रविवार को आयोजित उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (UKPSC) प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) अक्षय प्रहलाद कोंडे ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने केन्द्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों को कड़े दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास पूर्ण सतर्कता बरती जाए और परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता हर हाल में बनी रहे।
इसके साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुँचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस की कड़ी निगरानी और मुस्तैदी के बीच जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

