हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो साल की एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत।

देहरादून (न्यूज़ होम लाइव संवाददाता): देहरादून जिले के कालसी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रही एक बोलेरो गाड़ी धमोग मंदिर से पहले अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। इस भीषण दुर्घटना में दो साल की एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ
हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। खाई की अधिक गहराई और दुर्गम रास्ता होने के कारण राहत एवं बचाव टीमों को रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीमों ने खाई में उतरकर वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हिमाचल में काम खत्म कर नेपाल लौट रहे थे सभी मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी यात्री नेपाली मूल के मजदूर थे। ये सभी लोग हिमाचल प्रदेश में काम खत्म करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही कालसी के पास यह हादसा हो गया।
मृतकों का विवरण:
- राधिका (2 वर्ष) पुत्री डमर
- नरबहादुर (56 वर्ष) पुत्र गंगा बहादुर, निवासी अछाम कटारी, नेपाल
घायलों का विवरण:
- चमन लाल (45 वर्ष, वाहन चालक) पुत्र हर्सू, निवासी चडगांव, शिमला (हिमाचल प्रदेश)
- डमर (32 वर्ष) पुत्र नरबहादुर, निवासी ठकारी, जिला अछाम (नेपाल)
- उर्मिला (30 वर्ष) पत्नी डमर, निवासी ठकारी, जिला अछाम (नेपाल)
- प्रदीप (5 वर्ष) पुत्र डमर, निवासी ठकारी, जिला अछाम (नेपाल)
- निशा (14 वर्ष) पुत्री दिनेश, निवासी कंचनपुर, जिला अछाम (नेपाल)
हादसे के कारणों की जांच जारी
कालसी थाना के एसएसआई नीरज कठैत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, हालांकि दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

