महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ वार्षिकोत्सव का आयोजन।

एनएचएल नेटवर्क📡
* रंगारंग कार्यक्रमों का हुआ आयोजन।
* महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका हिमाद्रि का विमोचन
* मुख्यमंत्री उच्चशिक्षा छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों को मैडल एवं प्रमाण पत्र वितरण।
* क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरण किये।

बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय के मार्गदर्शन से वार्षिकोत्सव का हर्षोल्लास पूर्वक आयोजन हुआ। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा रहे। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न संस्कृतियों पर आधारित लोकनृत्य के माध्यम से देश की अनेकता में एकता का संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुजराती, कुमाऊनी जागर,भिठौली नृत्य, राजस्थानी, शौकयानी सहित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना से लाभान्वित विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि माननीय विधायक एवं समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के सदस्य दीपक नेवलिया ने प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही साथ खेलकूद प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र तथा मेडल देकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका “हिमाद्रि” का विमोचन किया। अपने सम्बोधन में विधायक ने बताया कि शैक्षणिक संस्थान में वार्षिकोत्सव का आयोजन एक स्वस्थ्य परंपरा है जिससे विद्यार्थियों में शैक्षिक विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में से एक है जहां विद्यार्थियों को विद्वान शिक्षकों का निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त होता है। उन्होंने महाविद्यालय के बेहतर विकास हेतु प्रयत्नशील रहने की बात कही। विशिष्ट अतिथि करम राम वरिष्ठ भाजपा नेता विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट ने भी अपने प्रेरणादायक व्याख्यान से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले समस्त विद्यार्थियों को कुल 5000 रुपए की पुरस्कार धनराशि प्रदान कर उनकाउत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सदैव अनुशासनप्रिय रहने की बात कही। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों के साथ-साथ संस्कारवान होने तथा सामाजिक कार्यों में रुचि लेने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. जे. एन. पंत ने मुख्य अतिथि समेत समस्त आगंतुक अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यक्रम में छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु बोनाल,अन्य छात्र संघ पदाधिकारी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, पार्षद किरन मियान, भाजपा जिलामंत्री इंदर सिंह धानिक समेत महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

