प्यार मे धोखा शादी से मुकरा प्रेमी,  युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की।

एनएचएल नेटवर्क📡

हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। शादी से इनकार करने पर आहत एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उपचार कर उसकी जान बचा ली। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।जानकारी के मुताबिक लक्सर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का देहरादून के एक मोहल्ले में रहने वाले युवक के साथ करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दोनों परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वे इस संबंध को शादी में बदलने के लिए सहमत भी हो गए थे। अगले महीने रिश्ता पक्का करने की बात चल रही थी।इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने 4 मार्च को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत लक्सर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उपचार कर उसकी जान बचा ली।घटना के बाद युवती के परिजनों ने युवक और उसके परिवार से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने शादी से साफ मना कर दिया। इसके बाद नाराज परिजन लक्सर कोतवाली पहुंचे और युवक तथा उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी मुलाकात युवती से एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। युवक का कहना है कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और युवती बार-बार फोन कर मिलने का दबाव बनाती थी, जिससे वह परेशान हो गया था। युवक ने यह भी कहा कि जब उसे युवती द्वारा जहर खाने की घटना के बारे में पता चला तो वह घबरा गया और अपने माता-पिता को पूरी बात बताने के बाद शादी से इनकार कर दिया।वहीं युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक के परिवार ने पहले शादी के लिए सहमति जताई थी, लेकिन बाद में लगातार तारीख टालते रहे। उनका कहना है कि होली से पहले भी रिश्ता तय करने की बात कही गई थी, लेकिन टालमटोल से परेशान होकर युवती ने यह कदम उठा लिया।

Share This News