देवाल को मिलेगी जाम से मुक्ति: 18.39 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग स्थल, शासन को भेजी गई DPR ।

थराली / देवाल से हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट:
थराली। विकासखंड मुख्यालय देवाल में वर्षों से चली आ रही पार्किंग और जाम की गंभीर समस्या से अब स्थानीय लोगों और यात्रियों को जल्द निजात मिलने जा रही है। देवाल बाजार में करीब 18 करोड़ 39 लाख 58 हजार रुपये की लागत से एक आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (DPR) तैयार कर प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेज दी गई है।
- जाम और अव्यवस्थित वाहनों से मिलेगी राहत
देवाल बाजार में लंबे समय से सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा न होने के चलते आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण वाहन चालकों, स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ता है। क्षेत्र की जनता एक लंबे अरसे से यहां एक व्यवस्थित पार्किंग स्थल के निर्माण की मांग कर रही थी।
- ब्रिडकुल ने तैयार किया 18.39 करोड़ का प्रस्ताव
जनता की मांग को संज्ञान में लेते हुए शासन के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम (ब्रिडकुल) ने 18 करोड़ 39 लाख 58 हजार रुपये का डीपीआर तैयार किया है। चमोली के अपर जिलाधिकारी एवं सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, विवेक प्रकाश द्वारा इस डीपीआर को देहरादून स्थित संयुक्त मुख्य प्रशासक, उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति हेतु प्रेषित कर दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
- विधायक का बयान:
“देवाल में पार्किंग की समस्या काफी समय से नासूर बनी हुई थी। स्थानीय जनता की परेशानी को देखते हुए इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिक घोषणाओं (घोषणा संख्या 187/2025) में शामिल करवाया गया था। शासन के निर्देश पर ब्रिडकुल ने डीपीआर तैयार कर देहरादून भेज दी है। अब शासन स्तर से इसे शीघ्र वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू होकर जनता को राहत मिल सके।”
— भूपाल राम टम्टा, विधायक, थराली विधानसभा

