berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

प्रशासन की मौजूदगी में इंजीनियर से मारपीट: डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ बेरीनाग ने जताया आक्रोश, कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी। 

 

प्रशासन की मौजूदगी में इंजीनियर से मारपीट:-

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग (पिथौरागढ़): लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) काशीपुर के बाजपुर क्षेत्र में शासकीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान प्रशासन की मौजूदगी में विभागीय अपर सहायक अभियंता के साथ हुई मारपीट और अभद्रता की घटना से कर्मचारियों में गहरा गुस्सा है। इस घटना के विरोध में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ (लोनिवि), बेरीनाग शाखा ने 7 सितंबर 2026 को प्रेस नोट जारी कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

​संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने और कार्यस्थल पर अभियंताओं व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।

​आपदा काल में जान जोखिम में डाल रहे अभियंता

संघ के पदाधिकारियों—खण्डीय अध्यक्ष विनोद प्रकाश सिंह, सूरज आर्या, जगत बोरा, ज्योति बिष्ट, हेम तिवारी और जगत सिंह—ने कहा कि वर्तमान में मानसून एवं आपदा के इस कठिन समय में सभी अभियंता विषम परिस्थितियों में जनहित और शासकीय कार्यों का मुस्तैदी से निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे समय में, वह भी प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद, कर्तव्यरत अधिकारी के साथ हिंसा और अभद्रता होना बेहद गंभीर, निंदनीय और चिंताजनक विषय है।

​आंदोलन और कार्य बहिष्कार की चेतावनी

उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, बेरीनाग शाखा ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र प्रभावी और कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत करेगा और पूर्ण रूप से कार्य का बहिष्कार करने को मजबूर होगा।

Share This News