राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में “इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स” की कक्षाएं शुरू।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग।राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय के दिशा-निर्देशन से अंग्रेजी विभाग के तत्वावधान में “इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स” की कक्षाएं प्रारंभ हुई। इस कोर्स की समन्वयक, अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. तनूजा टम्टा ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी “इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स” की कक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं जिसमें प्रत्येक संकाय के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह कक्षा प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक कक्ष संख्या 04 में संचालित की जा रही है जिसमें व्यावहारिक अंग्रेजी भाषा कौशल तथा अंग्रेजी व्याकरण की सूक्ष्म जानकारी विद्यार्थियों को दी जा रही है। इस कोर्स के संयोजक अंग्रेजी विभाग के विभाग प्रभारी डॉ. लीलाधर मिश्र ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में ससमय उपस्थित होकर लाभान्वित होने की बात कही ताकि वे बहुभाषी होकर बेहतर संवाद क्षमता विकसित कर सकें। ज्ञातव्य है कि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय के निर्देश पर विद्यार्थियों के बेहतर संचार कौशल के साथ-साथ रोजगारोन्मुख होने के लिए विगत वर्ष से महाविद्यालय में अंग्रेजी विभाग द्वारा इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स की कक्षाएं प्रारंभ की गई थी जिसमें महाविद्यालय के प्रत्येक संकाय के विद्यार्थी लाभान्वित हुए।

