गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने किया गणाई महाविद्यालय भवन का शिलान्यास, ₹809.51 लाख की लागत से बनेगा नया परिसर।

गणाई संवाददाता।
बेरीनाग/गणाई: विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट स्थित राजकीय महाविद्यालय गणाई में ₹809.51 लाख की लागत से बनने वाले नए महाविद्यालय भवन का क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस आधुनिक भवन के निर्माण से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का तेजी से विस्तार होगा और स्थानीय विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और युवाओं को नए अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं उच्च शिक्षा के लिए पलायन न करना पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर संसाधन मिलें।
- छात्र संघ ने सौंपा मांग पत्र, मिला सकारात्मक आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान छात्र संघ पदाधिकारियों ने विधायक को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (PG) कक्षाओं के संचालन तथा स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय के नए विषय शुरू करने की मांग रखी गई। विधायक ने विद्यार्थियों के भविष्य और शैक्षणिक हितों को प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में जल्द आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही का ठोस आश्वासन दिया।
- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री एवं पूर्व विधायक नारायण राम आर्य, भाजपा जिला मंत्री व गणाई मंडल प्रभारी रमेश बोरा, मंडल महामंत्री गोविन्द पंत व जे.पी. चन्याल, मंडल उपाध्यक्ष दीपक चन्याल, सोशल मीडिया प्रभारी अभिषेक वर्मा, कनिष्ठ उप प्रमुख (गंगोलीहाट) कविता डोबाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य बलवीर बोरा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष मनोज कोहली, सामाजिक कार्यकर्ता जसवीर डोबाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सिद्धेश्वर सिंह, योग शिक्षक प्रकाश पांडे, छात्र संघ अध्यक्ष मनीषा जोशी, छात्र संघ कोषाध्यक्ष सानिया आर्या सहित समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

