FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhandगंगोलीहाट

गंगोलीहाट छात्रसंघ चुनाव: शहीद पवन सिंह सुगड़ा महाविद्यालय में निर्दलीय हिमांशु सिंह बने अध्यक्ष, 

गंगोलीहाट संवाददाता। 

​गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा महाविद्यालय, गंगोलीहाट के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु सिंह ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। इस सीधे मुकाबले में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के अधिकृत प्रत्याशी सौरभ रावल को भारी मतों के अंतर से करारी शिकस्त दी। वहीं, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR) पद पर यूएसएफ (USF) के अमित सिंह बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए।

​छात्रसंघ चुनाव में कुल 459 मत पड़े, जिनमें से 6 मत अवैध घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के परिणाम बेहद एकतरफा रहे; निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु सिंह को 324 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रतिद्वंद्वी सौरभ रावल को महज 129 मतों से ही संतोष करना पड़ा। हिमांशु सिंह ने 195 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर परिसर में अपना परचम लहराया।

​मतगणना की समाप्ति के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. वीरू राजभर ने आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष हिमांशु सिंह और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अमित सिंह बिष्ट को विजय प्रमाण-पत्र सौंपते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

​कड़े सुरक्षा पहरे में संपन्न हुआ चुनाव

मतदान और मतगणना के दौरान परिसर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रभारी प्राचार्य हेमा मेहरा, दीप्ति रावल, दिनेश चंद्र कोठारी, डॉ. ओमकार चतुर्वेदी, डॉ. मनोज कुमार टम्टा, डॉ. द्विजेश कुमार, बलवंत सिंह, हरीश चंद्र भट्ट, विनोद सिंह और राजेंद्र सिंह सहित महाविद्यालय का संपूर्ण स्टाफ जुटा रहा। परिणामों की घोषणा के साथ ही विजयी समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखा।

Share This News