ग्रेजुएट युवाओं के लिए बैंक में नौकरी का सुनहरा मौका, 635 पदों पर भर्ती शुरू पंजाब एंड सिंध बैंक ने 635 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। ग्रेजुएट उम्मीदवार 6 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयन 12वीं के अंकों की मेरिट से होगा।

एनएचएल नेटवर्क📡
दिल्ली। Bank Jobs 2026: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए अच्छी खबर है। Punjab & Sind Bank की ओर से अप्रेंटिसशिप के 635 रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 6 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
योग्य अभ्यर्थी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट punjabandsind.bank.in या apprenticeshipindia.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म का प्रिंट निकालने की अंतिम तिथि 21 जून 2026 तय की गई है।
केवल ग्रेजुएट उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में नियमित स्नातक (Graduation) पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की स्थानीय भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने का ज्ञान होना चाहिए।
भर्ती नियमों के अनुसार पोस्ट ग्रेजुएट (PG) उम्मीदवार इस अप्रेंटिसशिप के लिए पात्र नहीं होंगे। वहीं, जिन उम्मीदवारों के पास एक वर्ष या उससे अधिक का कार्य अनुभव है, वे भी आवेदन नहीं कर सकेंगे।
आयु सीमा और पात्रता
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 मई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा उम्मीदवारों ने अपनी ग्रेजुएशन डिग्री पिछले 5 वर्षों के भीतर पूरी की होनी चाहिए। यानी स्नातक पास किए हुए 5 साल से अधिक समय नहीं होना चाहिए।
आवेदन शुल्क
एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये + टैक्स + पेमेंट गेटवे शुल्क रखा गया है।
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 200 रुपये + टैक्स + पेमेंट गेटवे शुल्क जमा करना होगा।
12वीं के अंकों से बनेगी मेरिट
भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों का चयन 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट सूची राज्यवार, जिलावार और श्रेणीवार तैयार की जाएगी।
यदि दो या अधिक उम्मीदवारों के समान अंक होते हैं तो अधिक आयु वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपने पसंदीदा राज्य और जिले का चयन भी करना होगा।
12 महीने की ट्रेनिंग, मिलेगा स्टाइपेंड
चयनित उम्मीदवारों को 12 महीने की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान अभ्यर्थियों को हर महीने 12,300 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। बैंक की ओर से किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता या ओवरटाइम सुविधा नहीं दी जाएगी। ट्रेनिंग का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।

