देहरादून, नैनीताल समेत छह जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान के आसार।

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून । उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सुबह 8:30 बजे तक नैनीताल में 32.5 मिमी, रामनगर में 31.5 मिमी, देवीधुरा में 17.5 मिमी, चंपावत में 10.5 मिमी और धारचूला में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
देहरादून में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

