बेरीनाग में गायत्री परिवार के दो दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आगाज; निकली कलश यात्रा, लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग (पिथौरागढ़): अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में स्थानीय तपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को दो दिवसीय आध्यात्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई और मंदिर परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं व श्रद्धालुओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। तपेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए प्रसिद्ध बेड़ीनाग मंदिर तक पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों और भजनों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

निःशुल्क चिकित्सा शिविर में सैकड़ों मरीजों की हुई जांच
आध्यात्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ जनसेवा के तहत तपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में डॉ. अमरनाथ सारस्वत और डॉ. शशिकांत भट्ट के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क परामर्श और दवाइयां वितरित कीं। इसमें सीमांत सेवा फाउंडेशन की टीम ने भी दिनभर सेवाएं दीं। दोपहर में श्रद्धालुओं व मरीजों के लिए भंडारे (प्रसाद व भोजन) की व्यवस्था की गई।
29 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम।
आयोजन समिति से जुड़े समाजसेवी जीवन चंद्र पंत ने बताया कि यह धार्मिक और जनकल्याणकारी अनुष्ठान 29 नवंबर तक जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद।
इस अवसर पर बाबा ईश्वरानंद महाराज, नगर पालिका अध्यक्ष हेमवंती पंत, पूर्व विधायक मीना गंगोला, जिला संघचालक गोविंद खाती, सीमांत सेवा फाउंडेशन से जीवन पंत (जय गुरु), महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका पंत, सभासद नीरू कार्की, मंडल उपाध्यक्ष मनीष पंत, पत्रकार कैलाश चन्याल, गोविंद चावला, प्रदीप महरा, मनोज पंत, विक्की डसीला, नगर सोशल मीडिया प्रभारी निखिल पंत, अतुल द्विवेदी, अमनदीप सिंह, कुलदीप राणावत, दिनकर सिंह, डॉ. श्रीकांत सिंह और अनुज सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

