FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandदेहरादून।

देहरादून मे 14 साल की दुल्हन और 17 साल के दूल्हे की शादी रुकवाई,

एनएचएल नेटवर्क📡

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बाल विवाह को समय रहते रोक दिया गया। लक्ष्मण चौक क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी 17 वर्षीय किशोर का विवाह होने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और शादी रुकवा दी।   जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग एक-दूसरे से विवाह करने की जिद पर अड़े थे। उनके परिजन भी शादी कराने की तैयारी में थे। जब प्रशासन ने कानून का हवाला देते हुए विवाह रोकने की कार्रवाई की तो कुछ परिजनों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। मौके पर काफी देर तक पुलिस, प्रशासन और परिजनों के बीच बहस होती रही।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और यह बच्चों के अधिकारों व उनके भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों का विवाह नहीं होने दिया जा सकता। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य बबीता सहोत्रा ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल अधिकारों का हनन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।कार्रवाई के बाद किशोरी को रेस्क्यू कर नारी निकेतन भेज दिया गया, जबकि किशोर को पुलिस संरक्षण में रखा गया है। दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। सोमवार को दोनों नाबालिगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद उनकी काउंसलिंग और आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। इस मामले में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने बताया कि दोनों नाबालिगों की काउंसलिंग कराई जाएगी। साथ ही उनके माता-पिता से भी पूरे प्रकरण को लेकर बातचीत की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

Share This News