FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

नजूल भूमि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया फिर शुरू करने को विधायक चुफाल को सौंपा ज्ञापन

​न्यूज़ होम लाइव संवाददाता

पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में लंबे समय से बंद नजूल भूमि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया को पुन: शुरू कराने की मांग को लेकर नजूल भूमि फ्रीहोल्ड संघर्ष समिति ने क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल से मुलाकात कर पत्र सौंपा। समिति ने विधायक से इस जनहित के मामले को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाकर नगरवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।

​समिति के संयोजक उमेश लाल साह ने विधायक को अवगत कराया कि पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र में नजूल भूमि का फ्रीहोल्ड कार्य वर्ष 2018 से शासन स्तर पर ठप पड़ा है। इसके चलते दशकों से नजूल भूमि पर काबिज लोगों को भूमि संबंधी आवश्यक कार्यों और नए भवन निर्माण में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फ्रीहोल्ड न होने से जर्जर एवं पुराने भवनों में निवास कर रहे परिवारों पर हर समय जान-माल का खतरा बना रहता है।

​वहीं, पार्षद सुशील खत्री ने पूर्व में जारी शासनादेश का हवाला देते हुए मांग उठाई कि 300 वर्ग मीटर तक की नजूल भूमि पर काबिज सभी पात्र व्यक्तियों को अविलंब मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही खत्री ने नगर क्षेत्र में भवन निर्माण व अन्य विकास कार्यों के लिए जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की जटिल प्रक्रिया से आम जनता को हो रही व्यावहारिक दिक्कतों का मुद्दा भी विधायक के समक्ष रखा और इसमें ढील दिए जाने की मांग की।

​विधायक बिशन सिंह चुफाल ने समिति की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मामले को शासन स्तर पर उठाकर यथोचित समाधान का आश्वासन दिया।

​ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के सूरज जंग थापा, पुष्पा थापा, कल्लू राम, रुक्मिणी थापा, कैलाश भट्ट और प्रदीप जोशी सहित कई लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Share This News