राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर डी. पी. भट्ट की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवियों द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन कर महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई एवं आम जन मानस में स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य महोदय ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक एवं सामुदायिक एकता को परिलक्षित करते हुए सेवाभाव के प्रति जागरूक कर राष्ट्र के विकास के लिए सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने स्वयंसेवियों को सामुदायिक सद्भावना की अवधारणा का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रेरित किया।

इसके उपरांत स्वयंसेवियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवियों ने कुमाऊनी, गढ़वाली एवं राष्ट्र की संस्कृति के संवर्द्धन एवं संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीनाक्षी गोस्वामी ने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना का उद्देश्य के विषय में विस्तार से चर्चा कर स्वयंसेवियों को लाभान्वित किया। उन्होंने स्वयंसेवियों से सेवा एवं समरसता का भाव सदैव जीवन में अपनाने की बात कही। डॉ. लीलाधर मिश्र ने स्वयंसेवियों को निरंतर सामाजिक कार्यों एवं राष्ट्र सेवा में समर्पित भाव से योगदान देने की सलाह दी। सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजली देवी यादव, डॉ. दीप्ति मिश्रा, डॉ. वंदिता कांडपाल, ने अपने व्याख्यान के माध्यम से स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी गोस्वामी ने किया। इस कार्यक्रम में डॉ. कंचन भंडारी, डॉ. पंकज यादव, श्रीमती मानकी, विवेक कुमार, नरेश चंद एवं समस्त स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

