राज्य के देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी।

एनएचएल नेटवर्क📡
देहरादून, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार आज राज्य के देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर आने की संभावना है।
इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी जनपद हरिद्वार सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही, गरज-चमक और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 जुलाई को प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर पड़ सकते हैं। वहीं पौड़ी, हरिद्वार, अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बेहद खराब बना रहेगा। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की आशंका है।
इसके अलावा पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को अगले 48 से 72 घंटे विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

