FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandमौसम

पिथौरागढ़: लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी अलर्ट, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का लिया जायजा

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। जनपद में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी तहसीलों के कंट्रोल रूम से दूरभाष पर संपर्क साधकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और संपूर्ण आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट मोड पर रखने के सख्त निर्देश दिए।

​जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी-नालों के जलस्तर पर 24 घंटे निरंतर निगरानी रखी जाए। संवेदनशील व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तुरंत यातायात बहाल करने के लिए सभी आवश्यक मशीनरी और जेसीबी चालकों को अलर्ट पर रखा गया है।

​निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

​जनता के लिए अपील व आपातकालीन संपर्क सूत्र

जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे नदी-नालों व जोखिम भरे स्थानों के पास जाने से बचें और अनावश्यक यात्रा न करें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में नागरिक निम्नलिखित कंट्रोल रूम नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं:

​आपदा कंट्रोल रूम नंबर: 8218857220, 8449305857, 05964226326

Share This News