रामनगर कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय समीर उर्फ लक्की की निर्मम हत्या का चौंकाने वाला खुलासा किया।

एनएचएल नेटवर्क।
रामनगर। रामनगर कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय समीर उर्फ लक्की की निर्मम हत्या का चौंकाने वाला खुलासा किया है। गुरुवार को मोहल्ला गुलरघट्टी क्षेत्र में नहर किनारे खून से लथपथ पड़े शव की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और मुख्य आरोपी नजीर तथा सह-आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त ईंट और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी नशे के आदी थे। घटना वाली रात दोनों के बीच नशे की मात्रा को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोपी नजीर ने समीर को नीचे गिराकर ईंट से सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर चार टीमों ने लगभग 45 सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर नजीर को कोसी नदी किनारे से गिरफ्तार किया। आरोपी आशीष के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को ₹1500 का इनाम भी घोषित किया गया।पुलिस टीम में शामिल रहे: कोतवाल सुशील कुमार, एसएसआई महेंद्र प्रसाद, एसएसआई दीपक बिष्ट, मालधन और पीरुमदारा पुलिस चौकी इंचार्ज, एसआई तारा सिंह राणा, एसआई सोमेंद्र सिंह, एसआई तालिब हुसैन, कांस्टेबल संजय कुमार, संजय सिंह, महबूब आलम और भूपेंद्र सिंह।

