सरकारी असहयोग और समिति की बेरुखी पर भारी पड़ी आस्था: खुशगवार मौसम में संपन्न हुई ऐतिहासिक नंदा बड़ीजात यात्रा 2026।

थराली/नंदाधाम कुरूड़ (हरेंद्र बिष्ट):“ना सरकार की चली, ना ही नंदा राजजात समिति के झंडाबरदारों की—चली तो सिर्फ मां नंदा के उन हजारों भक्तों की, जिनकी आस्था अटूट थी।” बिना किसी सरकारी इमदाद और सुविधाओं के अभाव के बावजूद श्रद्धालुओं ने दुर्गम हिमालयी पगडंडियों, गदेरों और नालों को पार कर ऐतिहासिक श्री नंदादेवी बड़ीजात यात्रा 2026 को सफलतापूर्वक होमकुंड पहुंचाकर संपन्न कर लिया। 12 वर्षों के अंतराल पर मां नंदा को कैलाश विदा करने का साक्षी बनकर भक्त स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।
तैयारियों के दावे से पल्ला झाड़ने तक की कहानी
पिछले दो-तीन वर्षों से राज्य सरकार और नंदा राजजात समिति (नौटी) ने 2026 की यात्रा को ‘हिमालयी सचल महाकुंभ’ के रूप में देश-विदेश में प्रचारित किया था। किंतु बसंत पंचमी से ठीक पहले कर्णप्रयाग में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मलमास और खराब मौसम/बर्फबारी का हवाला देते हुए यात्रा को अचानक वर्ष 2027 तक के लिए टाल दिया गया।
समिति के इस एकतरफा फैसले से आहत नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ (पंजीकृत) बड़ीजात समिति ने परंपरा के अनुसार बसंत पंचमी को दिन-पट्टा घोषित किया और यात्रा निकालने का संकल्प लिया। प्रशासनिक स्तर पर कई डोलियों व छंतोलियों को रोकने की कोशिशें हुईं; सम्मानित बधाण परगना की राजराजेश्वरी नंदा देवी की डोली को वेदनी में ही लोकजात तक सीमित कर लौटा दिया गया। इसके बावजूद दशोली, बंड व ज्वाल्पा की डोलियां, चौसिंगा खांडू और भारी जनसैलाब वेदनी से आगे होमकुंड की ओर बढ़ गया।
प्रकृति की मेहरबानी: दशकों बाद मिला ऐसा अनुकूल मौसम
जहां समिति और सरकार ने अत्यधिक ठंड और बर्फबारी का डर दिखाकर यात्रा स्थगित की थी, वहीं मां नंदा के भक्तों को ऐसा साफ और सुहावना मौसम मिला जो 1987, 2000 और 2014 की आधिकारिक यात्राओं में भी देखने को नहीं मिला था। बिना किसी प्रचार और मीडिया कवरेज के उमड़े जनसैलाब की संख्या 2000 व 2014 की यात्राओं के समकक्ष आंकी जा रही है।
स्वच्छ भारत अभियान बेअसर, बुनियादी सुविधाओं का भारी टोटा
सरकारी उपेक्षा के चलते पड़ावों पर श्रद्धालुओं को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा:
- खुले में शौच की विवशता: गैरोलीपातल, वेदनी, आली, पातरनचौनिया, कैलवाबिनायक और बगुवावासा जैसे निर्जन पड़ावों में अस्थाई शौचालयों का प्रबंध न होने से ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के दावे धरे रह गए। महिला व पुरुष यात्रियों को खुले में जाने पर विवश होना पड़ा।
- पेयजल संकट: पड़ावों पर पानी का कोई इंतजाम न होने से यात्रियों को मीलों दूर प्राकृतिक स्रोतों और नालों से पानी लाना पड़ा।
- राहत भरा व्यवहार: यात्रा के अंतिम चरणों में तैनात पुलिस बल, प्रशासनिक अफसरों और एसडीआरएफ (SDRF) के जवानों के आत्मीय व सहयोगी व्यवहार की श्रद्धालुओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।
सुलगता सवाल: 2026 की यात्रा 2027 में क्यों टाली गई?
अब जब बिना किसी बड़ी अप्रिय घटना के यात्रा सकुशल संपन्न हो चुकी है, तो श्रद्धालु सवाल उठा रहे हैं कि समिति और सरकार ने किन वजहों से यात्रा को 2027 के लिए टाला था? क्या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी? यह सवाल अब नंदा भक्तों और सनातन प्रेमियों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

