हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अवैध रूप से चल रहे दो मदरसे सील, प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप।

हल्द्वानी संवाददाता।
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के संचालित किए जा रहे दो मदरसों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया है। प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए इस जांच अभियान के बाद क्षेत्र में बिना मान्यता चल रहे संस्थानों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका आर्य ने मौके पर पहुंचकर मदरसा संचालकों से पूछताछ की और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान संचालक मदरसों के संचालन से संबंधित आवश्यक और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों परिसरों को सील कर दिया गया।
मदरसों के लिए नए नियम लागू
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने स्पष्ट किया कि अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद राज्य में मदरसा बोर्ड को भंग किया जा चुका है। नई व्यवस्था के तहत किसी भी मदरसे के संचालन के लिए अब शिक्षा विभाग और उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से अनिवार्य रूप से अनुमति प्राप्त करनी होगी।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि बनभूलपुरा में कई मदरसे बिना जरूरी अनुमतियों के चलाए जा रहे हैं, जिसके आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के संचालित हो रहे अन्य संस्थानों के खिलाफ भी नियम अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, सभी संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

